पत्नी ने पति को दी नीले ड्रम में मारने की धमकी, पति ने किया आत्मदाह का प्रयास

कचहरी रोड पर सोमवार को एक व्यक्ति अपनी पत्नी के पीछे दौड़ कर उसे मनाने की कोशिश कर रहा था। पर पत्नी ने उसे नीले ड्रम में बंद करने की धमकी दे रखी थी। इसके बाद बुधवार को उस व्यक्ति ने कचहरी चौक पर बीच सड़क पर आत्मदाह करने का प्रयास किया। उसने बीच सड़क पर हीं अपने पास रखे पेट्रोल की बोतल को निकाला और उसे पहले अपने शरीर पर डाल लिया। फिर उसने अपनी जेब से लाइटर निकाला और आपने आप को जलाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान कचहरी चौक पर यातायात पुलिसकर्मी की नजर उस पर पड़ी।
वह उसे बचाने के लिए दौड़ा। सबसे पहले उसे धकेल कर उसके हाथों से लाइटर छीन ली और उसे बचा लिया। इस बात की जानकारी ट्रैफिक थानाध्यक्ष सहित इशाकचक पुलिस को दी गयी। दोनों ही मौके पर पहुंचे और उक्त व्यक्ति को काफी समझा बुझा कर अपने साथ लेकर चले गये। पहले उसका प्राथमिक इलाज कराया गया।
आत्मदाह करने का प्रयास करने वाला व्यक्ति अलीगंज स्थित अंबाबाग निवासी शैलेंद्र साह उर्फ चिंटू था। उसने बताया कि उसकी पत्नी सुलतानगंज की रहने वाली है। शैलेंद्र साह ने बताया कि उसकी शादी 2011 में हुई थी। शादी के बाद तीन बच्चे भी हैं। पर कुछ साल पहले पैसों के लेनदेन के मामले में वह गिरफ्तार होकर जेल चला गया था।
इसके बाद उसकी पत्नी भी अपने ससुराल को छोड़ अपने बच्चों के साथ सुलतानगंज स्थित अपने मायके चली गयी। कुछ महीने पहले जब वह जेल से निकल कर बाहर आया तो उसने अपनी पत्नी को मनाने और उसे वापस घर लाने की कोशिश की। पर पत्नी ने उल्टा उस पर ही छेड़खानी तक का मामला दर्ज करा दिया। इसके बाद जब उसने अन्य बिंदुओं पर जांच की तो पाया कि उसकी पत्नी प्रियंका की अपने मायके के पास हीं रहने वाले मुंह बोले मामा कमल पासवान के साथ कई तस्वीरें इंस्टाग्राम पर हैं। बुधवार को भी आत्मदाह करते वक्त शैलेंद्र ने अपने हाथ अपनी पत्नी और उसके मुंह बोले मामा की एक साथ की तस्वीर हाथों में पकड़ रखी थी।