अमित के शरीर पर सांप के डसने के कई निशान, पोस्टमार्टम में उलझी गुत्थी

अमित के शरीर पर सांप के डसने के कई निशान मिले हैं, इसके अलावा चोट के निशान भी मिले हैं। युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम के बाद गुत्थी उलझ गई है।

अमित के शरीर पर सांप के डसने के कई निशान, पोस्टमार्टम में उलझी गुत्थी

मेरठ के बहसूमा के मजदूर अमित उर्फ मिक्की की मौत की गुत्थी पोस्टमार्टम के बाद उलझ गई है। इस मामले में ग्रामीणों ने अमित के सोते हुए नीचे दबने से सांप के दस बार डसने से मौत की जानकारी दी थी। उसके शरीर पर सांप के डसने के कई निशान मिले हैं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ।

विसरा सुरक्षित रखा गया है। पुलिस के पास पोस्टमार्टम रिपोर्ट आज आएगी। अस्पताल के मीमो के आधार पर पुलिस ने जीडी (थाने का रोजनामचा) में इत्तेफाकिया मौत दर्ज की है। अकबरपुर सादात गांव निवासी 25 वर्षीय अमित मजदूरी करता था। 

परिवार में पत्नी रविता, बेटा अनिकेत और पुत्री अनु व गौरी हैं। रविवार रात 10 बजे अमित घर आकर सो गया था। परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजे अमित को जगाने गए तो उसके नीचे सांप दबा दिखाई दिया। सांप को देखकर परिजनों की चीख निकल गई। उनके मुताबिक अमित उसके शरीर पर सांप के डसने के कई निशान थे। परिजन उसे पहले गांव रहावती में दिखाया। 

इसके बाद बुलंदशहर जिले के गुलावठी में चिकित्सक के पास लेकर गए। चिकित्सक ने अमित को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अमित के नीचे दबे मिले सांप को सपेरे से पकड़वाकर डिब्बे में बंद कर दिया गया था। बाद में उसे वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया। टीम ने इसे हस्तिनापुर के जंगल में छोड़ दिया। 

थाना प्रभारी इंदु वर्मा पोस्टमार्टम के बाद अमित के परिजनों से मिली। परिजनों ने बताया कि ग्रामीणों ने आशंका जताई थी कि सांप के डसने से मौत नहीं हुई है, ऐसे में उन्हें भी हत्या का अंदेशा हुआ। परिजनों के मुताबिक उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। किसी पर कोई शक नहीं है। परिजन भी अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। 

रसेल वाइपर को दबौया सांप भी कहा जाता है। यह भारत में पाए जाने वाले सबसे जहरीले सांपों में से एक है। यह अत्यंत दर्दनाक तरीके से काटता है। मटमैले और भूरे रंग के चेक्स डिजाइन और त्रिकोणीय आकार का फन होता है। इसमें होमोटॉक्सिन नामक जहर पाया जाता है। 
काटने वाली जगह पर तेज दर्द और सूजन, मसूड़ों, पेशाब और थूक में खून आता है। रक्तचाप गिर जाता है, दिल की धड़कन कम हो जाती है और शरीर पर छाले पड़ जाते हैं। इसके काटने से इंसान पैरालाइज हो जाता है और मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर से मौत हो सकती है।

इस मामले में सबसे हैरत की बात ये है कि अमित को डसने के बाद भी सांप मौके पर बैठा रहा। आमतौर पर ऐसा नहीं होता। डीएफओ राजेश कुमार का कहना है कि सांप किसी को डसने के बाद हट जाता है।
वन विभाग की टीम को डिब्बे में बंद रसेल वाइपर सौंपा गया। लेकिन सवाल यह है कि सांप अमित के नीचे दबा मिला। ऐसे में वह कैसे भाग पाता। पुलिस की जांच में सामने आया है कि अमित कुछ दिन पहले पत्नी रविता के साथ ससुराल गया था। ससुराल से परिवार 12 तारीख की शाम को लौटा था। 
अमित की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है। सीएमओ से इस संबंध में बात हुई है। पोस्टमार्टम में शरीर पर सांप के काटने के निशान मिले हैं। शरीर पर कुछ चोट के निशान भी मिले हैं। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, इस वजह से विसरा सुरक्षित रखा गया है।
बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का पुलिस अवलोकन करेगी। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। अस्पताल के मीमो के आधार पर जीडी में इत्तेफाकिया में युवक की मौत दर्ज की गई है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।